उत्तराखंड

वीआईपी के नाम पर फिर उबाल: अंकिता हत्याकांड को लेकर प्रदेशभर में कांग्रेस का प्रदर्शन

देहरादून। अंकिता हत्याकांड से जुड़े एक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एक बार फिर वीआईपी के नाम को लेकर जनआक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी को लेकर कांग्रेस ने सीबीआई जांच और वीआईपी का नाम सार्वजनिक करने की मांग करते हुए उत्तराखंड के सभी जिलों में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह जुलूस निकाले, नारेबाजी की और पुतला दहन कर विरोध जताया

कर्णप्रयाग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में जुलूस निकालते हुए एक पूर्व सांसद का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने कहा कि वीडियो में जिस तरह वीआईपी की भूमिका की बात सामने आ रही है, उसे देखते हुए सरकार को पूरे मामले की सीबीआई जांच कराकर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलानी चाहिए।

रुद्रप्रयाग में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में अपराधियों को बचाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस ने हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे पूर्व सांसद की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि मामले में शामिल वीआईपी को कठोरतम सजा मिलनी चाहिए। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता सूरज नेगी ने कहा कि अंकिता पहाड़ की बेटी थी, जिसकी निर्मम हत्या हुई, और उसे न्याय मिलना जरूरी है।

वहीं श्रीनगर के गोला पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक भाजपा नेता का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंकिता हत्याकांड एक सुनियोजित आपराधिक मामला है और वीआईपी के नाम पर अब राष्ट्रीय स्तर के नेता का सामने आना बेहद शर्मनाक है। कांग्रेस ने दोहराया कि जब तक सच्चाई सामने नहीं आती और दोषियों को सजा नहीं मिलती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button