निर्दलीय विधायक उमेश कुमार कल देंगे इस्तीफा, विपक्ष पर लगाया किसानों की अनदेखी का आरोप

भराड़ीसैंण, उत्तराखंड। खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वह बुधवार को सदन में अपना इस्तीफा सौंपेंगे। उमेश कुमार ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि साढ़े चार साल तक उन्होंने भ्रष्टाचार और किसानों से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष का साथ दिया, लेकिन जरूरत पड़ने पर विपक्ष ने उनका समर्थन नहीं किया।
किसानों की समस्याओं को लेकर जताई नाराजगी
उमेश कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि खानपुर की जनता ने उन्हें हरिद्वार जिले से निर्दलीय विधायक चुनकर विधानसभा भेजा था। उन्होंने बताया कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने राज्य में भ्रष्टाचार, किसानों की समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाया। उन्हें उम्मीद थी कि विपक्ष इन मुद्दों पर उनके साथ खड़ा होगा, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
विधायक ने इकबालपुर शुगर मिल पर किसानों के करीब 118 करोड़ रुपये के भुगतान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह राशि लंबे समय से बकाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भुगतान नहीं होने के कारण किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई किसान आर्थिक तंगी के चलते अपना इलाज तक नहीं करा पाए।
आपदा प्रभावित किसानों को राहत नहीं मिलने का आरोप
उमेश कुमार ने वर्ष 2023 में हरिद्वार जिले में आई आपदा का जिक्र करते हुए कहा कि बाढ़ के कारण किसानों की फसलें बर्बाद हो गई थीं। इसके बावजूद किसानों को पर्याप्त राहत नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की आरसी काटी गई, किसान क्रेडिट कार्ड के ब्याज में छूट नहीं दी गई और बिजली बिलों का बकाया माफ नहीं किया गया। कई किसानों के बिजली कनेक्शन तक काट दिए गए।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
उन्होंने कहा कि इन समस्याओं को लेकर उन्होंने लगातार आवाज उठाई, लेकिन विपक्ष ने उनका साथ नहीं दिया।
कांग्रेस और भाजपा में जाने से किया इनकार
उमेश कुमार ने स्पष्ट किया कि वह कांग्रेस में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि वह किसी भी राजनीतिक दल के नेताओं के समर्थन में नारे लगाने के लिए तैयार नहीं हैं। भाजपा में जाने को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए और कहा कि उनकी राजनीति का उद्देश्य जनता की समस्याओं को उठाना है, न कि किसी पार्टी के नेताओं का गुणगान करना।
अगली बार अधिक समर्थकों के साथ सदन पहुंचने की उम्मीद
निर्दलीय विधायक ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अगले चुनाव में जनता के मुद्दों को उठाने वाले कुछ और लोग उनके साथ विधानसभा पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि आम जनता को अच्छी सड़कें, भ्रष्टाचार मुक्त शासन और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए।
गौरतलब है कि उमेश कुमार की पत्नी ने हाल ही में जन निर्माण पार्टी का गठन किया है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि उमेश कुमार आगामी विधानसभा चुनाव इसी पार्टी के टिकट पर लड़ सकते हैं। हालांकि, उनकी अगली राजनीतिक रणनीति को लेकर अभी औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।






