उत्तराखंड

84 वर्षीय विजय मेहरा की मेहनत रंग लाई, तैयार किया 400 वर्षों की जानकारी देने वाला स्मार्ट कैलेंडर

देहरादून । देहरादून  के इंद्रानगर, सीमाद्वार निवासी 84 वर्षीय विजय मेहरा की वर्षों की मेहनत आखिरकार सफल हो गई है। उन्होंने एक ऐसा खास स्मार्ट कैलेंडर तैयार किया है, जो आगे और पीछे के 400 वर्षों की तिथियों और दिनों की जानकारी देता है। इस अनोखे कैलेंडर को अब कॉपीराइट यानी कानूनी अधिकार भी मिल गया है।

विजय मेहरा ने बताया कि इस स्मार्ट कैलेंडर को तैयार करने में उन्हें करीब दो साल का समय लगा। उन्होंने इसे वर्ष 2020 में तैयार किया था, लेकिन कानूनी अधिकार मिलने में लगभग पांच साल का इंतजार करना पड़ा। यह कैलेंडर ए-3 साइज की चार शीट को जोड़कर बनाया गया है, जिससे हर साल नया कैलेंडर बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

उन्होंने बताया कि कुछ वर्षों के अंतराल पर तारीखें और सप्ताह के दिन फिर से उसी क्रम में दोहराते हैं। इसी आधार पर उन्होंने अध्ययन कर वर्षों को एक क्रम में जोड़ा, जिससे पिछले और आने वाले 400 वर्षों के किसी भी साल की जानकारी एक ही कैलेंडर से प्राप्त की जा सकती है।

उल्लेखनीय है कि विजय मेहरा वर्ष 2001 में नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड, भटिंडा (पंजाब) से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद उन्होंने ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय में 18 वर्षों तक वर्कशॉप सुपरिटेंडेंट के रूप में सेवाएं दीं। उनका यह स्मार्ट कैलेंडर नवाचार और सतत मेहनत का बेहतरीन उदाहरण है।

Related Articles

Back to top button