उत्तराखंड

32 स्लीपर सीट वाली बस में 120 सवारियां: राजस्थान से आए छात्रों की ओवरलोडिंग देख हैरान हुए अधिकारी

ऋषिकेश। राजस्थान के धौलपुर जिले से शैक्षिक भ्रमण पर आए छात्रों की एक बस में भारी ओवरलोडिंग का मामला सामने आया है। 32 स्लीपर सीट वाली इस बस में 100 से अधिक छात्र समेत कुल 120 सवारियां पाई गईं, जिसे देखकर परिवहन विभाग के अधिकारी हैरान रह गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए एआरटीओ ने बस का चालान काटकर उसे सीज कर दिया।

सोमवार शाम परिवहन विभाग की टीम गंगोत्री राजमार्ग पर भद्रकाली मंदिर के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान आगरा नंबर की एक स्लीपर बस को रोका गया, जिसके आगे स्कूल के शैक्षिक भ्रमण का फ्लेक्स लगा था। जांच के दौरान पाया गया कि बस में मां भगवती विद्यापीठ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तसीमो (धौलपुर, राजस्थान) के 100 से अधिक छात्र सवार थे।

एआरटीओ (प्रवर्तन) रश्मि पंत ने बताया कि बस चालक और परिचालक ने वर्दी नहीं पहन रखी थी और चालक के पास पर्वतीय क्षेत्र में वाहन चलाने की अनुमति भी नहीं थी। इन गंभीर उल्लंघनों के चलते बस का 21,500 रुपये का चालान काटकर उसे सीज कर दिया गया।

छात्रों और शिक्षकों को सुरक्षा की दृष्टि से रोडवेज बसों की मदद से हरिद्वार रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया गया। एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और ओवरलोडिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Back to top button