उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, तीन दिन बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट

उत्तराखंड । उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 28 से 30 अप्रैल तक राज्य के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और आंधी-तूफान की संभावना जताई है। इसे देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी संबंधित जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, 28 अप्रैल को नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस स्थिति को देखते हुए इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा 29 अप्रैल को नैनीताल, देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी ऑरेंज अलर्ट रहेगा। वहीं 28 से 30 अप्रैल तक राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
एसईओसी ने संबंधित जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर सभी आवश्यक सावधानियां बरतने और आपदा प्रबंधन से जुड़े इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। नागरिकों को भी खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।




