जनसुनवाई में 60 शिकायतें दर्ज, भूमि विवाद और बिजली समस्याएं प्रमुख

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 60 शिकायतें दर्ज की गईं। प्रशासन द्वारा इनमें से 28 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि बाकी मामलों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया।
जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, बिजली, अतिक्रमण और जलभराव जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। इसके अलावा पेयजल व्यवस्था और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुईं।
शिकायतकर्ताओं में सविता चौहान ने अपने प्लॉट पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। वहीं, कांगड़ी क्षेत्र के निवासियों ने गली में जलभराव और पानी निकासी की समस्या के समाधान की मांग उठाई। राजपाल ने अपनी भूमि की पैमाइश कराने का अनुरोध किया। नरेंद्र अरोड़ा ने बरसाती नदी से होने वाली बाढ़ और जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान की मांग की। साथ ही उन्होंने एनएचएआई द्वारा निर्माणाधीन नाले का कार्य जल्द पूरा कराने की अपील भी की।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां अधिकारी आपसी समन्वय से कार्रवाई करें। साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।




