यूकेएसएसएससी सहायक कृषि अधिकारी भर्ती: नया सिलेबस जारी, एआई और रोबोटिक्स से जुड़े प्रश्न भी होंगे शामिल

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने कृषि विभाग में सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-1 (विकास शाखा) और सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-3 भर्ती परीक्षा के लिए नया सिलेबस जारी कर दिया है। इस बार परीक्षा में पारंपरिक कृषि विषयों के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और डिजिटल एग्रीकल्चर जैसे आधुनिक विषयों को भी शामिल किया गया है।
आयोग के अनुसार, भर्ती परीक्षा अब केवल पारंपरिक कृषि ज्ञान तक सीमित नहीं रहेगी। अभ्यर्थियों को आधुनिक कृषि तकनीकों, स्मार्ट खेती और डिजिटल नवाचारों की भी जानकारी होना आवश्यक होगी। शासन से सिलेबस को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद इसे आधिकारिक रूप से जारी किया गया है।
परीक्षा पैटर्न
- परीक्षा अवधि: 2 घंटे
- कुल प्रश्न: 100 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs)
- कुल अंक: 100
- सिलेबस: 10 मुख्य इकाइयों में विभाजित
सिलेबस के प्रमुख विषय
- फसलों का वैज्ञानिक उत्पादन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती
- बागवानी, मशरूम उत्पादन और हाइड्रोपोनिक्स
- मृदा स्वास्थ्य, उर्वरक प्रबंधन एवं सुदूर संवेदन
- पादप सुरक्षा, कीट एवं रोग प्रबंधन
- रेशम एवं मधुमक्खी पालन
- मेंडल के आनुवंशिक नियम, बीज प्रौद्योगिकी एवं जीआई टैग
- पादप कोशिका, पोषण एवं आपदा प्रबंधन
- पशुपालन, दुग्ध प्रसंस्करण एवं कृषि अर्थशास्त्र
- किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), पीएम-किसान योजना और ई-नाम
- आधुनिक कृषि उपकरण, हरित ऊर्जा, सांख्यिकी, डिजिटल कृषि तथा कृषि में एआई और रोबोटिक्स का उपयोग
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में इन विषयों से संबंधित नवीनतम वैज्ञानिक प्रगति, तकनीकी बदलाव और समसामयिक घटनाओं पर आधारित प्रश्न भी पूछे जाएंगे।
परीक्षा तिथि का इंतजार
यूकेएसएसएससी ने पहले इस भर्ती परीक्षा के लिए 26 जुलाई की तिथि निर्धारित की थी, लेकिन सिलेबस अंतिम रूप न मिलने के कारण परीक्षा स्थगित कर दी गई थी। अब नया सिलेबस जारी होने के बाद आयोग जल्द ही परीक्षा की नई तिथि घोषित करेगा।




