उत्तराखंड

पिंडर नदी के कटाव से ऐरठा गांव पर मंडराया खतरा, 20 परिवारों के घरों में आई दरारें

ऐरठा। लगातार हो रही तेज बारिश के बीच पिंडर नदी के कटाव ने ऐरठा गांव के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले दो दिनों से नदी के तेज बहाव के कारण लगातार भूमि कटाव और भूस्खलन हो रहा है। गांव के नीचे जमीन में मोटी दरारें पड़ने से करीब 20 आवासीय घर खतरे की जद में आ गए हैं।

नदी के कटाव से बढ़ा भूस्खलन का खतरा

ग्रामीणों के अनुसार पिंडर नदी लगातार गांव की ओर कटाव कर रही है। कटाव और स्लाइडिंग के कारण कई घरों के नीचे की जमीन कमजोर हो गई है। इससे किसी भी समय भूस्खलन होने की आशंका बनी हुई है।

ग्राम प्रधान प्रेमा देवी और बीडीसी सदस्य खिमुली देवी ने बताया कि करीब 20 परिवारों के मकान खतरे में हैं। लगातार हो रहे कटाव के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल प्रभावित क्षेत्र में विशेषज्ञों और प्रशासनिक टीम को भेजने की मांग की है। उनका कहना है कि स्थिति का मौके पर निरीक्षण कर खतरे की जद में आए परिवारों को सुरक्षित स्थान पर विस्थापित किया जाए।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सभी प्रभावित परिवारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाने की अपील की है। बारिश जारी रहने और नदी के बढ़ते कटाव के कारण गांव में खतरा लगातार बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button