भराड़ीसैंण विधानसभा में पहली बार होगा पेपरलेस सत्र

देहरादून। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा में पहली बार पेपरलेस सत्र आयोजित होगा। विधानसभा सचिवालय ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह सत्र 19 से 22 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा।
राष्ट्रीय ई-विधानसभा एप्लीकेशन (ई-नेवा) के तहत विधानसभा को डिजिटाइज किया गया है। फरवरी 2025 में देहरादून विधानसभा में बजट सत्र को पेपरलेस किया गया था। भराड़ीसैंण में ई-नेवा का काम पूरा होने के बाद अब यहां मानसून सत्र पेपरलेस होगा।
रविवार को विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और सभामंडप में साउंड सिस्टम व संचार सेवाओं का निरीक्षण किया।
आईआईटी रुड़की के वैज्ञानिकों की मदद से सदन के साउंड सिस्टम को बेहतर किया गया है। इस बार साउंड से संबंधित समस्या नहीं आने की उम्मीद है।
मानसून सत्र के लिए पक्ष और विपक्ष के विधायकों से 550 से अधिक प्रश्न विधानसभा सचिवालय को मिले हैं, जिनमें आपदा प्रबंधन और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।