उत्तराखंड

क्रिसमस और नए साल पर औली में पर्यटकों की भारी भीड़ की उम्मीद

गढ़वाल मंडल  ।  क्रिसमस और नए साल के मौके पर औली में बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। होटलों में हो रही लगातार बुकिंग से यह साफ है कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ेगी। फिलहाल औली के निजी होटलों में 60 प्रतिशत से अधिक बुकिंग हो चुकी है और हर दिन यह आंकड़ा बढ़ रहा है।

गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के औली स्थित सभी गेस्ट हाउस पहले ही फुल हो चुके हैं। जीएमवीएन में 23 दिसंबर से 3 जनवरी तक पूरी बुकिंग हो गई है। स्की रिजॉर्ट, नंदा देवी और क्लाउड इन गेस्ट हाउस में लगभग 300 पर्यटकों के ठहरने की क्षमता है। इसके अलावा ज्योतिर्मठ स्थित जीएमवीएन गेस्ट हाउसों में भी बुकिंग शुरू हो चुकी है।

औली में जीएमवीएन और निजी होटलों को मिलाकर एक हजार से अधिक पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था है। इसके साथ ही हट और टेंट की सुविधा भी उपलब्ध है। औली से नीचे सुनील और टीवी टावर क्षेत्र में भी कई होटल हैं, जिससे यहां अच्छी संख्या में पर्यटकों के ठहरने की उम्मीद है।

औली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अंती प्रकाश शाह ने बताया कि यदि बर्फबारी होती है तो होटल बहुत जल्दी पूरी तरह भर जाएंगे। नए साल के जश्न के लिए होटलों में विशेष तैयारियां की गई हैं।

जीएमवीएन के प्रबंधक प्रदीप शाह ने बताया कि औली के सभी गेस्ट हाउस फुल हो चुके हैं और ओवर बुकिंग होने पर वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। 31 दिसंबर को औली में बोन फायर, म्यूजिक सिस्टम और पारंपरिक पहाड़ी भोजन की व्यवस्था की गई है, जिसमें कोदे की रोटी, चैंसा, काफली, झंगोरे की खीर और चटनी शामिल होगी।

हालांकि अभी औली में बर्फबारी नहीं हुई है, फिर भी पर्यटकों का आना शुरू हो गया है। वीकेंड पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। बर्फ न होने से कुछ पर्यटक मायूस दिखे, लेकिन घुड़सवारी और चेयर लिफ्ट का आनंद लेते नजर आए। बंगलूरू और हरियाणा से आए पर्यटकों ने औली की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना की और बर्फबारी की उम्मीद जताई।

Related Articles

Back to top button