
देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने राजधानी देहरादून में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी सुनील राठी के गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, एक स्कॉर्पियो-एन वाहन, दो आईफोन और 40 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
बड़ी आपराधिक घटना की थी साजिश
एसटीएफ को गोपनीय सूचना मिली थी कि पौड़ी गढ़वाल जेल में बंद सुनील राठी अपने गैंग के माध्यम से देहरादून में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने गैंग के सदस्यों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी थी।
26 फरवरी 2026 को एसटीएफ टीम सहस्त्रधारा रोड क्षेत्र में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गैंग के दो सदस्य काले रंग की स्कॉर्पियो में सहस्त्रधारा की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने पैसिफिक गोल्फ एस्टेट के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
तलाशी में मिले हथियार
वाहन में सवार दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उन्होंने अपनी पहचान भानू चौधरी (22 वर्ष) निवासी सहारनपुर और पारस (28 वर्ष) निवासी मुजफ्फरनगर के रूप में बताई। तलाशी लेने पर दोनों के पास से एक-एक .32 बोर पिस्टल और कुल सात जिंदा कारतूस बरामद हुए।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी सुनील राठी के संपर्क में थे और कई बार पौड़ी जेल में उससे मिलने भी गए थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विवादित जमीनों के मामलों में सुनील राठी का नाम लेकर लोगों को डराते थे और समझौता कराने के बदले मोटी रकम वसूलते थे।
मुकदमा दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 111(3) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर थाना राजपुर में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसटीएफ का कहना है कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।




