तेज बारिश से सहस्रधारा में बाढ़ जैसे हालात, गुच्चूपानी में फंसे सात पर्यटक सुरक्षित रेस्क्यू

देहरादून। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में हुई तेज बारिश ने हालात बिगाड़ दिए। सहस्रधारा में बाढ़ जैसे हालात बन गए, जहां पर्यटकों के लिए बनाए गए तालाबों की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि समय रहते सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
वहीं गुच्चूपानी (रॉबर्स केव) में नहाने गए सात पर्यटक अचानक बढ़े पानी के बहाव के कारण एक टापू पर फंस गए। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तेज धारा और कठिन परिस्थितियों के बावजूद सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एसडीआरएफ अधिकारियों के अनुसार, शुरुआत में तीन लोगों के फंसे होने की सूचना मिली थी, लेकिन मौके पर सात पर्यटक पाए गए, जो तेज बहाव से घबराए हुए थे। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी की जान बचाई।
बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। प्रिंस चौक क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो होने से लोगों को दुर्गंध और परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा प्रेमनगर में तेज हवा के चलते एक पेड़ भी गिर गया।
गौरतलब है कि पिछले साल आई आपदा में सहस्रधारा को भारी नुकसान हुआ था। पुनर्निर्माण के बाद यह स्थल फिर से पर्यटकों के लिए खुला था, लेकिन ताजा बारिश ने एक बार फिर वहां की व्यवस्थाओं की परीक्षा ले ली है।




