उत्तराखंड

हरिद्वार: कलियर–धनौरी मार्ग पर बड़ा हादसा, चलती बाइक पर गिरा पेड़ का विशाल टहना, दो युवक गंभीर घायल

हरिद्वार। कलियर–धनौरी मार्ग पर सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब चलती मोटरसाइकिल पर अचानक एक विशालकाय पेड़ का टहना गिर पड़ा। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, माधोपुर निवासी अनस और सोनू मोटरसाइकिल से कलियर की ओर से धनौरी जा रहे थे। जैसे ही वे धनौरी में दो सड़कों के पास पहुंचे, अचानक एक बड़े पेड़ का भारी टहना टूटकर उनकी बाइक पर गिर गया। टहने के भारी वजन के कारण दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कलियर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और सड़क पर गिरे पेड़ के टहने को हटाकर यातायात को सामान्य कराया।

लगातार हो रही बारिश के कारण पेड़ों की शाखाएं कमजोर होने और टूटने की घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने और तेज बारिश या तेज हवा के समय अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button