उत्तराखंड

उत्तराखंड में चार साल लगातार धामी सरकार, भाजपा के सबसे लंबे कार्यकाल वाले सीएम बने पुष्कर सिंह

  उत्तराखंड ।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज उत्तराखंड में भाजपा के सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री बन गए हैं। 4 जुलाई 2021 को पहली बार मुख्यमंत्री बनने वाले धामी ने अपने दो कार्यकालों में कुल चार साल पूरे कर लिए हैं। इस दौरान उन्होंने राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई।

चार साल पहले जुलाई में धामी को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मिली थी, जब विधानसभा चुनाव में केवल कुछ महीने शेष थे। उन्होंने चुनाव जीतकर सत्ता में वापसी का मिथक तोड़ा और भाजपा को दोबारा सत्ता में लाकर इतिहास रच दिया।

धामी सरकार के प्रमुख निर्णय जो राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहे:

  1. नकल रोधी कानून (2023): प्रतियोगी परीक्षाओं में अनुचित साधनों पर रोक के लिए कानून लागू किया गया। यह देश का मॉडल कानून बना।
  2. समान नागरिक संहिता (UCC) लागू (27 जनवरी 2025): उत्तराखंड UCC लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना। अब तक दो लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।
  3. संपत्ति क्षति वसूली कानून (2024): दंगों, प्रदर्शनों में हुई सार्वजनिक और निजी संपत्तियों की क्षति की भरपाई के लिए उपद्रवियों से वसूली का प्रावधान किया गया।
  4. गैंगस्टर एक्ट संशोधन: गोवध, मानव तस्करी, नकल माफिया, मनी लॉन्ड्रिंग जैसे अपराध इस कानून के दायरे में लाए गए। 10 साल की गैर-जमानती सजा और ₹50,000 तक का जुर्माना तय किया गया।
  5. आरक्षण: राज्य आंदोलनकारियों को सरकारी नौकरियों में 10% और महिलाओं को 33% क्षैतिज आरक्षण लागू किया गया।

अन्य प्रमुख पहलें:

  • पलायन रोकने के लिए ‘एप्पल मिशन’ और ‘कीवी मिशन’
  • ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’: पहाड़ी उत्पादों को बाजार दिलाने की पहल
  • सख्त भू-कानून और ‘लव जिहाद’ पर सख्ती
  • राष्ट्रीय खेलों व G-20 बैठकों का आयोजन
  • 23,000 सरकारी पदों पर सीधी भर्तियां
  • मानसखंड मंदिरमाला मिशन, महासू मंदिर विकास परियोजना
  • जीईपी इंडेक्स व एसडीजी इंडेक्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन

धामी के चार सालों का कार्यकाल नीतिगत फैसलों और प्रशासनिक दृढ़ता के लिए याद किया जा रहा है, जिससे उत्तराखंड को राष्ट्रीय पटल पर नई पहचान मिली है।

Related Articles

Back to top button