उत्तराखंड

लगातार तीसरी जीत के लक्ष्य के साथ मंडल स्तर तक भाजपा का प्रशिक्षण अभियान

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की है। पहली बार पार्टी मंडल स्तर तक प्रशिक्षण अभियान चला रही है। इसके तहत प्रदेश के 304 मंडलों में सात प्रमुख विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान की शुरुआत

पार्टी ने “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान” के तहत यह कार्यक्रम शुरू किया है। मंडल स्तर पर बूथ प्रबंधन, कार्य पद्धति, कार्य विस्तार, वैचारिक अधिष्ठान सहित सात विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण में एक रात्रि प्रवास भी अनिवार्य रखा गया है।

जिला स्तर पर 10 से अधिक विषयों पर दो रात्रि प्रवास के साथ प्रशिक्षण होगा, जबकि प्रदेश स्तर पर इससे अधिक विषयों पर तीन रात्रि प्रवास सहित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उद्देश्य यह है कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाए और हर मतदाता तक पार्टी की पहुंच सुनिश्चित की जा सके।

अन्य दलों से आए नेताओं के लिए अलग प्रशिक्षण

भाजपा ने दूसरे दलों से पार्टी में शामिल हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए भी अलग से प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करने की योजना बनाई है। इसमें उन्हें संगठन की विचारधारा, कार्यसंस्कृति और रणनीति से परिचित कराया जाएगा, ताकि चुनाव में उनका प्रभावी उपयोग किया जा सके।

प्रदेश अध्यक्ष का बयान

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रचंड जीत के लक्ष्य के साथ पहली बार मंडल स्तर तक प्रशिक्षण शुरू किया गया है। बड़े पैमाने पर आयोजित इन कार्यक्रमों से हर कार्यकर्ता की पकड़ आम मतदाता तक मजबूत होगी और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाया जा सकेगा।

पार्टी ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों की शुरुआत कर दी है और सभी कार्यकर्ताओं को इससे जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button