भाजपा नेता हत्याकांड: पत्नी का छलका दर्द, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

देहरादून। सहसपुर के बैरागीवाला गांव में भाजपा नेता विनोद कुमार की हत्या के बाद उनके परिवार में गहरा शोक और आक्रोश है। पति की मौत से सदमे में डूबी उनकी पत्नी ने आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग करते हुए अपना दर्द व्यक्त किया। रोते-बिलखते हुए उन्होंने कहा कि उनके बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
रविवार को विनोद कुमार की पत्नी आरोपी के घर के बाहर पहुंचीं और पत्थर फेंककर अपना गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने कहा कि उनके सुहाग के हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा दी जाए। परिजन और ग्रामीण भी लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग तथा विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता गांव में एकत्र हुए और आरोपियों के मकानों पर कार्रवाई की मांग की। इसी दौरान भीड़ ने आरोपी के घर में आग लगा दी। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि विनोद कुमार ने पूर्व प्रधान के कार्यकाल से संबंधित कई मामलों में सूचना के अधिकार (RTI) के तहत जानकारी मांगी थी और कुछ शिकायतें भी दर्ज करवाई थीं। इसी कारण दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
शनिवार को खेत में पानी लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों में झड़प हो गई। आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोगों ने विनोद कुमार और उनके भाइयों पर हथियारों से हमला कर दिया। हमले में विनोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। उनके दोनों भाई भी घायल हुए हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।




