पाकिस्तान से तराई तक जुड़े ड्रग्स और अवैध हथियारों के तार, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

ऊधम सिंह नगर, 16 जून 2026। उत्तराखंड के तराई क्षेत्र में फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अत्याधुनिक हथियारों की बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। जांच में पाकिस्तान सीमा से जुड़े ड्रग्स और हथियार तस्करी नेटवर्क के तार तराई क्षेत्र तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
जांच एजेंसियों को काशीपुर, बाजपुर, सितारगंज और नानकमत्ता क्षेत्रों में अवैध हथियारों और संदिग्ध लाइसेंसों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचनाएं मिली हैं। पाकिस्तान सीमा से सटे पंजाब के जिलों से जुड़े मामलों के सामने आने के बाद स्थिति को गंभीरता से लिया जा रहा है।
अमृतसर से आए पुलिस अधिकारी राजकुमार के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से भारतीय सीमा में ड्रग्स और हथियार गिराने की कई घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। पंजाब में इस तरह के मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं और बड़ी मात्रा में अवैध हथियार व मादक पदार्थ बरामद किए जा चुके हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि तस्कर सीमा से लगे खेतों को भारी रकम देकर किराये पर लेते हैं और उन्हें तस्करी के लिए इस्तेमाल करते हैं। अब इन्हीं नेटवर्कों के उत्तराखंड के तराई क्षेत्र तक फैलने की आशंका जताई जा रही है।
हाल ही में फर्जी शस्त्र लाइसेंस के आधार पर हथियार खरीदने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। 12 जून को एसओजी प्रभारी सुनील सुतेड़ी की शिकायत पर कुंडा थाने में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस और विशेष जांच दल आरोपियों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटे हुए हैं।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि मामले की गहन जांच से अवैध हथियारों और ड्रग्स तस्करी से जुड़े बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है। फिलहाल क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।




